माओवादियों का बेमियादी बंद
सिलीगुड़ी (दार्जिलिंग): नेपाली माओवादियों द्वारा रविवार से अनिश्चितकालीन आम हड़ताल (बंद) के कारण रविवार को उत्तार बंगाल, बांग्लादेश तथा भूटान से नेपाल का संपर्क कटा रहा। पानीटंकी मेची पुल से प्रतिदिन गुजरने वाले करीब चार हजार वाहनों का परिचालन ठप रहा। नेपाल मेची क्लियरिंग एजेंट एसोसिएशन के नेता विमल आचार्य व पानीटंकी लैंड कस्टम्स अधीक्षक किशोर नायक ने इसकी पुष्टि की है। श्री आचार्य ने बताया कि आम हड़ताल के कारण नेपाल में बाजार, स्कूल, कालेज और कल-कारखानों को बंद करा दिया गया है। लोगों में दहशत का माहौल है। रविवार को दोपहिया वाहन तक नहीं चले। नेपाल सशस्त्र प्रहरी जगह-जगह गश्त लगाते रहे। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी और पुलिस भी चौकसी बरत रही है। हड़ताल को ले काकरभिट्ठा से सिलीगुड़ी आ रहे व्यवसायी रमेश अग्रवाल, सुरेश भंसाली, विजय अग्रवाल तथा प्रदीप दत्ता ने बताया कि सुबह से ही नेपाल में माओवादी समर्थकों और यूथ कम्युनिस्ट लीग के लड़ाके 'माधव नेपाल देश छोड़ो, भारत-नेपाल पारगमन संधि रद करो' आदि नारे लगाते हुए जगह-जगह प्रदर्शन करते दिखे। हड़ताल के कारण व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर ताले लटके रहे। काकरभिट्ठा, ईटभट्ठा, विरतामोड़, विराटनगर, उर्लावारी, सागर माथा, इलाम आदि क्षेत्रों में बंद समर्थकों ने उग्र प्रदर्शन किया। श्री भंसाली ने कहा कि नेपाल में भारतीय मूल के व्यवसायी माओवादियों के निशाने पर हैं। आम हड़ताल लगातार जारी रहा तो वहां से बड़ी संख्या में व्यवसायी सिलीगुड़ी, दिल्ली और बिहार अपने रिश्तेदारों के पास पलायन कर जाएंगे। पानीटंकी में रविवार की शाम से वाहनों की कतारें लगनी प्रारंभ हो गई हैं।
Category:


0 comments