Mid ads 120x600

सांस्कृतिक समारोहों के बीच मनी भानुभक्त की जयंती

VEER GORKHA NEWS NETWORK | 3:20 AM | 0 comments

कर्सियांग (दार्जिलिंग) : नेपाली साहित्य के आदि कवि आचार्य भानु भक्त की 196 वीं जयंती पार्वत्य क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मनायी गयी। जहां कर्सियांग के गोरखा जन पुस्तकालय के तत्वावधान में मंगलवार को कार्यक्रम दो चरणों में संपन्न किया गया वहीं, मिरिक के विद्यालयों में छात्र छात्राओं के साथ शिक्षक वर्ग ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा काव्य गोष्ठी एवं संगोष्ठी आयोजित की। कर्सियांग में गोरखा जन पुस्तकालय के अध्यक्ष टंक शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रथम चरण में स्थानीय आचार्य भानु पथ यानि कि पीबी रोड स्थित जातीय कवि उद्यान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम संपन्न किया गया। मुख्य अतिथि थे वरिष्ठ लेखक असित राई। इस मौके पर आचार्य भानुभक्त की प्रतिमा पर विद्यार्थियों, शिक्षक वर्ग एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण किये। इसके बाद पुस्तकालय के सचिव एलडी मोक्तान ने स्वागत भाषण दिया।
रामकृष्ण बालिका विद्यालय एवं पुष्परानी उच्चतर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रामायण पाठ किया। अपने वक्तव्य में अध्यक्ष टंक शर्मा, मुख्य अतिथि असित राई एवं स्मारक निर्माण समिति के अध्यक्ष तिलक शर्मा ने आदि कवि भानुभक्त के योगदानों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे जातीय समन्वय के प्रतीक थे। उन्होंने आदि कवि को प्रकाश में लाने का मुख्य श्रेय लेखक डा. पारस मणि प्रधान को देते हुए कहा कि ऐसी विभूति की मूर्ति उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित कर हर वर्ष उनकी जयंती मनाने का आह्वान किया। डा. पारस मणि प्रधान प्रेक्षागृह में आयोजित द्वितीय चरण के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रंगकर्मी पूर्ण गुरूंग थे। इस कार्यक्रम में नेपाली साहित्य में 'भानुभक्तीय रामायण का महत्व' विषय पर ऋषि राई और 'हम और भानुभक्त' विषय पर जयप्रकाश लामा ने व्याख्यान दिये। इसके अलावा पुष्परानी रामकृष्ण उच्चतर विद्यालय के विद्यार्थियों ने रामायण पाठ किया जिसके बाद दीपक ठटाल, रूबीना राई, दक्षिणा योंजन और पीएल धमला ने कविता पाठ किये। छात्र पुष्प प्रधान ने भानुभक्त की जीवनी पर प्रकाश डाला। पुस्तकालय के सह सचिव पुरूषोत्तम अधिकारी द्वारा संचालित इस कार्यक्रम को मुख्य अतिथि पूर्ण गुरूंग निरूपम ने आदि कवि के योगदानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पुस्तकालय द्वारा आदि कवि की जयंती को बड़े पैमाने पर मनाये जाने का सुझाव दिया।
अध्यक्ष टंक शर्मा ने पुस्तकालय द्वारा वीर पूजा की परंपरा को कायम रखते हुए यह जयंती हर वर्ष मनाये जाने की जरूरत बतायी। उन्होंने कहा कि भानुभक्त जातीय समन्वय के प्रतीक हैं। दूसरी ओर स्थानीय फाटक डांड़ा स्थित रेड रोज यूथ क्लब की पहल पर भानुभक्त जयंती मनायी गयी। क्लब के सचिव सुबोध शर्मा के अनुसार इस अवसर पर रामायण पाठ के अलावा प्रार्थना आयोजित की गयी। मिरिक प्रखंड के कई विद्यालयों में भी भव्य रूप से यह जयंती मनायी गयी। निगाले स्थित किशोर मेमोरियल इंग्लिश स्कूल में प्रधानाचार्य हरि प्रसाद राई ने आदि कवि की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। विद्यार्थियों ने कविता पाठ के अलावा लोक गीत पेश किये। फुआगढ़ी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी जयंती मनायी गयी। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर रामायण पाठ, कविता पाठ किये। जातीय वेशभूषा में सजे बच्चे मनमोहक लग रहे थे। वक्ताओं ने आचार्य भानुभक्त की जयंती की वर्तमान युग में प्रासंगिकता और नेपाली साहित्य पर रामायण के प्रभाव पर अपने विचार रखे।
दार्जिलिंग स्थित नेपाली साहित्य सम्मेलन की ओर से आचार्य भानुभक्त की जयंती मनायी गयी। इस अवसर पर चौरास्ता स्थित आदि कवि भानुभक्त की मूर्ति के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद रामायण पाठ और खेजड़ी नृत्य पेश किये गये। बाद में नेपाली साहित्य सम्मेलन भवन में आयोजित कार्यक्रम में कविता पाठ किये गये। इस अवसर पर उपस्थित रहे सीके राई, शरद छेत्री, सूर्य श्रेष्ठ, इंद्रमणि दर्नाल, कर्ण थामी के अलावा अन्य अतिथि। कालिम्पोंग के थाना डांड़ा के समीप त्रिकोण पार्क में स्थित आदि कवि भानुभक्त की मूर्ति पर आज स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली विद्यार्थियों ने माल्यार्पण किये। शहर के टाउन हाल में नेपाली साहित्य अध्ययन समिति द्वारा भानुभक्त की जयंती सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये मनायी गयी। वहां रामायण पाठ किये गये। समिति के अध्यक्ष अमृत खालिंग के निधन के चलते इस बार पुरस्कार वितरण नहीं किया गया। महकमा पुस्तकालय में साझा साहित्य मंच द्वारा भानु जयंती धूमधाम से मनायी गयी। वैसे शहर के विभिन्न स्कूलों में भी भानु जयंती श्रद्धापूर्वक मनायी गयी।

Category:

About GalleryBloggerTemplates.com:
GalleryBloggerTemplates.com is Free Blogger Templates Gallery. We provide Blogger templates for free. You can find about tutorials, blogger hacks, SEO optimization, tips and tricks here!

0 comments