14 को सिलीगुड़ी बंद की तैयारी पूरी, प्रशासन सतर्क
सिलीगुड़ी (दार्जिलिंग) : गोरखालैंड आंदोलनकारियों के साथ केंद्र व राज्य की वार्ता, जीएलपी के अवैध गठन को निरस्त करने और सरकारी कार्यालयों के साइन बोर्ड पर लिखे गोरखालैंड को हटाने की मांग को ले बांग्ला व बांग्लाभाषा कमेटी ने 14 मई को 24 घंटे का प्रदेश बंद का आह्वान किया है। बंद को वापस नहीं लेने तथा इसकी पूरी तैयारी कर लिए जाने की घोषणा बुधवार को संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष डा. मुकुंद मजूमदार ने पत्रकारों को दी। उन्होंने स्वीकार किया कि उनका संगठन बंद को ले पांच जिलों में प्रचार-प्रसार कर रहा है, लेकिन केंद्र बिंदु सिलीगुड़ी ही रहेगा। बंद के दौरान स्कूल की परीक्षा, विवाह के वाहन, दूध, दवा और प्रेस के वाहनों में छूट दी जाएगी। डा. मजूमदार ने कहा कि बंगभंग के पीछे ग्रेटर नेपाल बनाने की साजिश है।सन् 1988 में दागोपाप देना सरकार की सबसे बड़ी भूल है। उन्होंने कहा कि पार्वत्य क्षेत्रों में जीएलपी मनमानी कर रहा है। उस पर सालाना जो तीन करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं, वह पैसा कहां से आ रहा है, इसकी जांच कराई जाए। सरकारी कार्यालयों के साइन बोर्ड पर नाम मिटाकर गोरखालैंड लिख देना राष्ट्रद्रोह का मामला है। इसके खिलाफ अब तक न तो किसी की गिरफ्तारी हुई और न ही कोई मामला दर्ज किया गया। बकौल मजूमदार, दागोपाप के विकास के लिए दिए गए पैसों की लूट खसोट जारी है। इसका खुलासा प्रशासक बीएल मीणा ने की है। किसी प्रकार की वार्ता के लिए कमीशन का गठन किया जाए। सरकार श्वेत पत्र जारी करें। ऐसा नहीं होने पर इसके खिलाफ लगातार आंदोलन जारी रहेगा।दूसरी ओर, बंद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सिलीगुड़ी डीएसपी सीताराम सिन्हा ने बताया कि बंद को ले कानून हाथ में लेने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस पिकेट बैठाया जाएगा। रैफ व सशस्त्र पुलिस बल के जवानों की गश्त लगातार जारी रहेगी। बंद को ले गोरखा बाहुल्य क्षेत्र में किसी प्रकार का तनाव न हो, इसको लिए उच्चाधिकारियों ने प्रधान नगर, सिलीगुड़ी, बागडोगरा, नक्सलबाड़ी, माटीगाड़ा, खोरीबाड़ी तथा भक्तिनगर थाना को सतर्क रहने को कहा है
Category:


0 comments