हम सिलीगुड़ी व डुवार्स की एक इंच भी भूमि न छोड़ेंगे : राई
कर्सियांग (दार्जिलिंग): सिलीगुड़ी, डुवार्स व दार्जिलिंग पहाड़ क्षेत्र को शामिल करके गोर्खालैंड राज्य का गठन किया जाएगा। इसके लिए सिलीगुड़ी व डुवार्स की एक इंच भूमि भी न छोड़ेंगे। यह बातें गोजमुमो कर्सियांग टाउन कमेटी अध्यक्ष योगेंद्र राई ने शुक्रवार को यहां मोटर स्टैंड पर आयोजित पथसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि गोर्खालैंड के मुद्दे पर केंद्र सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। डुवार्स क्षेत्र में भी आदिवासी विकास परिषद सहित अन्य संगठन व जाति के लोगों द्वारा हमें गोर्खालैंड प्राप्त करने के लिए समर्थन मिल रहा है।उन्होंने अलग राज्य प्राप्त करने के लिए संपूर्ण गोर्खालैंड समर्थकों से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गोर्खालैंड प्राप्त करने के लिए गोजमुमो ने प्रक्रिया शुरु कर दी है। यदि तेलंगाना राज्य का गठन हो सकता है तो गोर्खालैंड राज्य का गठन क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि गोर्खालैंड की मांग तेलंगाना से भी पुरानी है। तेलंगाना से गोर्खालैंड की तुलना नहीं हो सकती। सिलीगुड़ी, डुवार्स व दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र को शामिल करके गोर्खालैंड राज्य का गठन किया जाएगा। सभा को संबोधित करने के क्रम में युवा मोर्चा कर्सियांग महकमा कमेटी के प्रचार सचिव सुभाष प्रधान ने कहा कि गोजमुमो का एक ही स्वार्थ है वह है गोर्खालैंड। उन्होंने कहा कि अभी जो आंदोलन हो रहा है वह वर्ष 1986 में हुए आंदोलन जैसा नहीं है। अभी गोर्खालैंड प्राप्त करने के लिए विमल गुरुंग के नेतृत्व में जनांदोलन गणतांत्रिक व गांधीवादी तरीके से हो रहा है। जिसके तहत रैली आदि हो रही हैं। इसमें गोर्खालैंड समर्थकों व प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है। सभा का संचालन किशोर थापा ने किया। सभा को वांगचूक लेप्चा ने भी संबोधित किया। पथसभा के पूर्व कर्सियांग टूरिस्ट लाज से गोर्खालैंड की मांग के समर्थन में महारैली निकाली गयी। रैली मोटर स्टैंड पहुंचकर पथसभा में तब्दील हुई। रैली में उपस्थित लोगों ने गोर्खालैंड की मांग के लिए विभिन्न तरह के नारेबाजी की।
Category:


0 comments