Mid ads 120x600

साजिश बंद करें घीसिंग : गुरुंग

VEER GORKHA NEWS NETWORK | 10:50 AM | 0 comments

सिलीगुड़ी: गोर्खा राष्ट्रीय मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष सुभाष घीसिंग जलपाईगुड़ी में बैठकर गोर्खा जनमुक्ति मोर्चा के खिलाफ साजिश रचना बंद करें। यह चेतावनी दी है गोजमुमो के अध्यक्ष विमल गुरुंग ने। वह शनिवार को सुकना सामुदायिक भवन में गोजमुमो समर्थकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंतरिम सेटअप प्रस्ताव में दार्जिलिंग जिला डुवार्स को भी शामिल किया गया है। इसे हम लेकर ही रहेंगे। 14 मई को दिल्ली में होने वाली सातवीं त्रिपक्षीय वार्ता में सरकार को यह मांग मान लेना होगा। अब पश्चिम बंगाल सरकार के अधीन रहने का सवाल ही नहीं उठता। यदि अंतरिम सेटअप देने में आनाकानी हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस बार चिकेननेक क्षेत्र में ऐसा आंदोलन होगा, जिसकी कल्पना राज्य केंद्र सरकार ने नहीं की होगी। गुरुंग ने युवा मोर्चा, नारी मोर्चा और जीएलपी को अंतिम लड़ाई के लिए तैयार रहने को कहा। 270 गोर्खालैंड पर्सनल के घेरे में पहुंचे विमल गुरुंग ने कहा कि जीएलपी का निर्माण भूमि रक्षा के लिए किया गया है। ऐसा नहीं कि इन जवानों के घर में भोजन और पहनने को कपड़े नहीं थे। इन्होंने अपनी भूमि की रक्षा की शपथ ली है। जरूरत पड़ी तो यह गोर्खालैंड की अंतिम लड़ाई का नेतृत्व करेंगे। गुरुंग ने कहा कि दार्जिलिंग हिल्स में विरोधियों द्वारा भ्रम फैलाया जा रहा है कि गोजमुमो गोर्खालैंड की मांग से पीछे हट गया है। मैं इस मंच से विश्वास दिलाता हूं कि गोर्खालैंड के लिए पहले एक विमल शहीद होने को तैयार था, अब जीएलपी, युवा मोर्चा और नारी मोर्चा के सभी सदस्य इसके लिए तैयार हैं। हम हर कीमत पर गोर्खालैंड लेकर ही दम लेंगे। अंतरिम सेटअप इसका एक स्वरुप है। जलपाईगुड़ी में बैठे गोरामुमो सुप्रीमो सुभाष घीसिंग को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान के साथ पहाड़ से डुवार्स में भेजा गया था। वहां वे चुपचाप बैठे रहें। जलपाईगुड़ी में बैठकर फूट डालने की साजिश रचना बंद कर दें। विमल गुरुंग एक या दो बार ही समझाता है, तीसरी बार समझाने का काम नहीं करता। उन्होंने कहा कि गोजमुमो कार्यकर्ताओं में चोरी-छुपे भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहना होगा।
गोजमुमो का मानना है कि वर्तमान राज्य सरकार पूर्वाग्रह से ग्रसित है। वह किसी भी कीमत पर गोर्खालैंड नहीं देगी। 2011 तक बंगाल में नई सरकार आने वाली है। उस समय तक अंतरिम सेटअप के तहत गोर्खाओं के लिए न्याय की लड़ाई लड़ी जाए। अंतरिम सेटअप में 102 विभागों के अधिकारों की मांग भी की गई है। गुरुंग ने कहा कि जो छठी अनुसूची का बदला स्वरूप अंतरिम सेटअप को मानते हैं, वे जाकर उसका अध्ययन करें। विमल गुरुंग ने सुकना थाना जलाने में गोरामुमो नेत्री छिरिंग दहाल और वहां की पुलिस का हाथ होने का दावा किया। थाना जल जाने केबाद गोजमुमो समर्थकों पर पुलिस अत्याचार करने लगी। इसे पुलिस को बंद करना होगा। अत्याचार की सारी कहानी केंद्रीय गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को सचित्र सौंप दी गयी है। यहां के लोग डरे नहीं। अब अत्याचार हुआ तो विमल गुरुंग से प्रशासन को मुकाबला करना होगा। उन्होंने सुकना कांड में जेल गए आरोपियों को खादा पहनाकर सम्मानित किया। गुरुंग जीएलपी कमांडो के घेरे में सुकना के प्रत्येक घरं में जाकर लोगों से मिले उनके साथ घटित घटनाओं की जानकारी ली। सभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर लामा ने 18 मार्च की बैठक की जानकारी दी। केंद्रीय नेता विनय तमांग ने कहा कि कर्सियांग अनुमंडल में गोजमुमो जोनल कमेटी के गठन के लिए क्षेत्रों में भ्रमण कर जनता की राय लेने में लगा है। सुकना के पूर्व वह सिमुलबाड़ी में समर्थकों से मिले। शाम को गाड़ीधुरा में एक जनसभा में अंतरिम सेटअप मुद्दे पर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने चार दिनों बाद फिर इन क्षेत्रों का दौरा करने की घोषणा की।

Category:

About GalleryBloggerTemplates.com:
GalleryBloggerTemplates.com is Free Blogger Templates Gallery. We provide Blogger templates for free. You can find about tutorials, blogger hacks, SEO optimization, tips and tricks here!

0 comments